रविवार, 20 मार्च 2022

जनपद में उल्लास के साथ मनाया होली पर्व, जमकर रंग गुलाल उड़े

जिले में होली पर्व की धूम रही। दो साल बाद कोरोना प्रतिबंध समाप्त होने और विश्वव्यापी महामारी का प्रकोप थमने के कारण लोगों ने भारी उत्साह के साथ होली खेली। विधायक कपिलदेव अग्रवाल के घर पर होली का जबर्दस्त हुडदंग व उल्लास रहा तो नगरपालिका परिषद अध्यक्ष के आवास के बाहर पूरे मौहल्ले के लोगों ने नगर के लोगों के साथ होली खेली। जिलाधिकारी आवास पर भी होली पर पिचकारी से रंग खेला गया। नवनिर्वाचित विधायकों के घर पर भी इस बार होली काफी रंगीन हो गई।

होली पर्व की पूरे नगर में धूम रही। सुबह से ही बच्चों की टोलियां रंग भरे गुब्बारे लेकर निकल गई थी। प्रात: सात बजे से ही सड़क पर निकलने का मतलब रंगो में सराबोर होना हो गया था। सड़क पर चलने वालों पर छतों से भी पिचकारी से रंग बरस रहा था तो जहां तहां रंग के गुब्बारे आकर टकरा रहे थे। गुलाल उड रहा था तो चेहरे पर पक्के रंग मले जा रहे थे। इस बार गुलाल के सिलेंडरों से जमकर गुलाल उड़ाया गया। होली का उल्लास देखते ही बनता था।

राज्यमंत्री के घर पर जमकर खिली होली

होली पर्व पर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री एवं नवनिर्वाचित विधायक कपिलदेव अग्रवाल के गांधीनगर स्थित आवास पर पूरी रौनक रही। जो भी वहां होली मिलने गया उसे रंग से सराबोर किया गया। कपिलदेव अग्रवाल ने यहां ढोल की थाप पर होली मिलने आए लोगों के साथ खूब डांस किया। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश भगवा रंग से रंगा है। हाल में संपन्न हुए चुनाव में योगी जी के दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने से इस बार होली का उल्लास विशेष है। यहां पर आरएसएस के जिला कार्यवाह ब्रजेश कुमार समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता राजकुमार सिद्धार्थ, मनोज वर्मा, राजीव शर्मा, संजय सक्सेना, एडीजीसी कमलकांत, विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र कुमार शर्मा समेत काफी लोग उपस्थित रहे।

लेबल: