मंगलवार, 3 मई 2022

ईदगाह और मस्जिदों में शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई नमाज, मांगी अमन और चैन की दुआ

मेरठ-सहारनपुर मंडल समेत वेस्‍ट यूपी में मंगलवार को ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। इस मौके पर अकीदतमंदों ने अमन चैन की दुआएं मांगीं। कुछ स्थानों पर सड़कों के किनारे भी नमाज अदा कराई गई। हालांकि सड़कों पर नमाज अदा नहीं करने के फरमान के बाद ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए भीड़ नजर आई।

मेरठ में ईदगाह सहित शहर में 50 स्थानों पर नमाज अदा करने की व्‍यवस्‍था की गई थी। फ़ैज़ ए आम इंटर कालिज में सुबह इमाम मुफ़्ती हसन द्वारा ईद की नमाज अदा कराई गई। करीब छह बजे से अकीदतमंद नमाज के लिए जुटने शुरू हो गए। एसपी क्राइम अनित कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा एलआईयू, इंटेलिजेंस की टीम भी क्षेत्र में सक्रिय रही, पल पल अधिकारी स्थिति का जायजा लेते रहे।

व्यवस्था बनाने के लिए कमेटी के लोग मैदान से बाहर तक रहे। जिन्होंने जाम व भीड़ लगने नहीं दी। 7:30 बजे तकरीर खत्म होने के बाद सड़क व्यस्त दिखाई दी। जिन लोगों की नमाज रह गई है उनके लिए 8:15 पर नमाज फैज ए आम में रखी गई। इसके अलावा बागपत, शामली, हापुड़, बिजनौर में भी शांतिपूर्वक नमाज अदा की गई।  

संबंधित खबरें

सहारनपुर: शांति से संपन्न हुई नमाज, ड्रोन से हुई निगरानी
सहारनपुर की जामा मस्जिद में सुबह 7:30 बजे शांति पूर्वक नमाज अदा की गई। इसके बाद 8 बजे से ईदगाह में नमाज हुई। वहीं, देवबंद की ईदगाह में भी 8 बजे से नमाज हुई। इस दौरान डीएम-एसएसपी समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

बुलंदशहर : मस्जिदों में ही अदा की नमाज
बुलंदशहर में ईदगाह के अंदर ही ईद की नमाज अदा की गई है। शहर में अन्य जामा मस्जिद, ताज मस्जिद, काली मस्जिद सहित सभी मस्जिदों के अंदर ईद की नमाज अदा हुई है ।कहीं पर भी सड़क पर नमाज अदा नहीं की गई। शांतिपूर्वक नमाज अदा हो गई। ईदगाह के बाहर डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और डीआईजी संतोष कुमार सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मुजफ्फरनगर: ईदगाह भरी तो मस्जिदों में जाने का किया ऐलान
मुजफ्फरनगर: ईद की नमाज शांति के साथ संपन्न हुई। इस बार सड़क पर नहीं पढ़ी गई नमाज। नमाजियों से ईदगाह के भरने के बाद इंतजामिया कमेटी की ओर से ही घोषणा कर दी गई कि नमाजी अब मस्जिदों में नमाज पढ़ने के लिए जाएं।
 


लेबल: