शनिवार, 11 जून 2022

पत्नी को गोली मारने के आरोप में व्यापारी पुत्र गिरफ्तार

नगर के नामचीन जूता व्यापारी की पुत्रवधु को गोली लगने के मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी पति अंशुल को गिरफ्तार कर लिया है।

बरेली के फरीदपुर निवासी राजीव अग्रवाल ने बुधवार देर रात थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी वर्ष 2015 में जूता व्यापारी अजय अग्रवाल के बेटे अंशुल अग्रवाल से की थी। शादी के एक माह बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज कम लाने को लेकर उनकी बेटी का उत्पीड़न करने लगे थे। शादी के बाद उसकी बेटी को कोई बच्चा नहीं होने के कारण भी परेशान किया जाता था। इस मामले की सूचना उन्होंने बरेली पुलिस को भी पूर्व में दी थी। राजीव अग्रवाल का आरोप है कि 6 जून की रात दामाद अंशुल ने फोन पर बताया कि उनकी बेटी ने खुद को गोली मार ली है। उनकी बेटी का उपचार ऋषिकेश एम्स में चल रहा है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने खुद को गोली नहीं मारी, बल्कि उसकी हत्या का प्रयास किया गया।

संबंधित खबरें

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति अंशुल, सास विनीता, ससुर अजय अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी संतोष त्यागी ने बताया कि आरोपी अंशुल को पत्नी की हत्या के प्रयास के आरोप में हिरासत में लिया गया। लिखापढ़ी कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। दूसरी ओर घायल विवाहिता अभी ऋषिकेश एम्स में ही वेंटिलेटर पर गंभीर अवस्था में भर्ती है।

लेबल: