सोमवार, 20 फ़रवरी 2023

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कांपते हुए नजर आए, देखकर लोग बोले- क्या कोई गंभीर बीमारी है?

Vladimir Putin- India TV Hindi
Image Source : FILE व्लादिमीर पुतिन

मास्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेहत ठीक नहीं है। ऐसी खबरें बीते कुछ समय से मीडिया में आ रही हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि पुतिन कैंसर या पार्किसंस बीमारी से पीड़ित हैं, हालांकि रूस ने आधिकारिक तौर पर इन दावों की पुष्टि कभी नहीं की। लेकिन उनका एक ताजा वीडियो इस संदेह को और भी ज्यादा मजबूत करता है क्योंकि इसमें वह कांपते हुए नजर आ रहे हैं। 

वायरल वीडियो में पुतिन का पैर कांप रहा है और वह इसे मरोड़ते हुए और झटकते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है कि कुर्सी पर बैठे पुतिन एक जगह अपना पैर रखने से असहज महसूस कर रहे हैं, इसीलिए वह लगातार अपने पैर को झटक रहे हैं।

ये वीडियो उस वक्त का है, जब पुतिन बेलारूस के उनके समकक्ष अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ मीटिंग कर रहे थे। इस वीडियो को इंटरनेट पर देखा जा सकता है। 

सोशल मीडिया यूजर्स उठा रहे सवाल

पुतिन का ये वीडियो देखकर सोशल मीडिया यूजर्स कमेंट्स करने लगे और उनका शक इस बात पर गहरा गया कि पुतिन को जरूर कोई गंभीर बीमारी है। कई लोगों का कहना है कि पैरों का कांपना पार्किसंस बीमारी का लक्षण है। हालांकि कई लोग वीडियो की पुष्टि को लेकर भी सवाल उठाते दिखे। 

गौरतलब है कि बीते साल नवंबर में भी पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर कई दावे सामने आए थे। ऐसा कहा गया था कि पुतिन के हाथ पर कई अजीब तरह के निशान हैं, जोकि इंजेक्शन लगाए जाने के वजह से बने हैं।