हल्की बारिश से ही सड़कों पर जलभराव
हल्की बारिश से ही सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनती दिखने लगी। हालांकि एकाएक बारिश बंद हो गई। वहीं लोगों ने तेज उमसभरी गर्मी में भीगते हुए बारिश का लुत्फ भी उठाया।
पिछले कई दिनों से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हो रहे हैं। हालांकि दिन में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री तक ही पहुंचा, लेकिन मौसम में नमी और उमस होने के कारण पसीने नहीं सूख रहे हैं। बारिश का इंतजार सभी को था। शाम करीब साढ़े पांच बजे बारिश आई लेकिन कुछ देर बूंदाबांदी होने के बाद बारिश रुक गई। इसी बूंदाबांदी में सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी बनने लगी थी, लेकिन तभी बारिश बंद हो गई। इसके बाद सात बजे पुन: दस पंद्रह मिनट के लिए बारिश आई। उमसभरी गर्मी से परेशान हो रहे लोग बारिश में भीगते हुए ही अपने घरों की ओर लौटते दिखे। बारिश के कारण तापमान में कुछ गिरावट आई लेकिन कुछ देर बाद फिर मौसम में उमस बढ़ने से परेशानी हो गई। बारिश आने से कांवड़ मार्गों की मरम्मत में हो रहे काम भी प्रभावित हुए। इस दौरान नगर में बारिश के कारण शाम सात बजे ही बाजारों में सन्नाटा छा गया था। बारिश रुकने के बाद फिर सड़कों पर रौनक दिखाई देने लगी। दिन में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
लेबल: मुजफ्फरनगर ब्रेकिंग
<< मुख्यपृष्ठ