बुधवार, 1 फ़रवरी 2023

लोक अदालत के प्रति जागरूक करने को निकली रैली:

मुजफ्फरनगर में 11 फरवरी को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आपसी सुलह और समझौते से विवादों का निपटारा किया जाएगा। बुधवार को जिला जज चवन प्रकाश के निर्देशन में मुजफ्फरनगर में रैली निकालकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक किया गया।

रैली शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए वापस दीवानी न्यायालय परिसर पहुंची। ज़िला जज चवन प्रकाश ने बताया कि 11 फरवरी को मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होने जा रहा है। जिसमें आपसी सुलह समझौते से विभिन्न वादों का निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आपसी बातचीत से वादकारियों का समय और धन दोनों की बचत होती है और मुकदमे से भी बचा जा सकेगा।

इससे रंजिश कम होती है और सामाजिक ताना-बाना बना रहता है। 
जिला जज ने बताया कि सभी सरकारी विभागों को इस मामले में निर्देशित किया गया है। 11 फरवरी को विभिन्न विभागों में चल रहे विवादों का निपटारा सुलह और समझौते के आधार पर कराया जाएगा। बुधवार को निकाली गई जागरूकता रैली में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने हिस्सा लिया।