रविवार, 2 अक्टूबर 2022

मुजफ्फरनगर: गांव खुड्डा में डकैती डालने वाले बदमाश गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। छपार पुलिस ने गांव खुड्डा में डकैती के दौरान हुई हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस ने शनिवार रात महरायपुर के जंगल में मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों से घर से लूटा हुआ मोबाइल, नकदी बरामद किए हैं।

शनिवार रात में पुलिस को सूचना मिली कि महरायपुर के जंगल में बदमाश घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को भी दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस की गोली लगने से बदमाश जुनैद उर्फ लाला निवासी खानपुर गुर्जर थाना गंगोह जनपद घायल हुआ है। जबकि उसके साथी जुनैद निवासी बलवा जनपद शामली, सोनू निवासी कैंदकी थाना देवबंद, जुनैद निवासी खानपुर और एक नाबालिग भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार बदमाशों ने 22 सितम्बर की रात गांव खुड्डा में जरीफ के मकान में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पतालभेज दिया। गिरफ्तार बदमाशों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

लेबल: