मुजफ्फरनगर में पीएनबी मंडल मुख्यालय पर भाकियू अराजनीतिक का धरना:12 हजार गन्ना किसानों का 15 करोड़ डकारने का आरोप,चीनी मिल से आए थे रुपए
मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने सर्कुलर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक मंडल मुख्यालय पर धरना दिया।
धरना देते हुए यूनियन कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंसूरपुर चीनी मिल से जुड़े हजारों किसानों का करीब 15.70 करोड़ रुपया आया था। लेकिन पंजाब नेशनल बैंक शाखा ने उसे डकार लिया। चेतावनी दी गई किसानों का रुपया वापस नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन अराजनीति के मंडल अध्यक्ष नीरज पहलवान ने धरना देते हुए आरोप लगाया कि पंजाब नेशनल बैंक ने हजारों किसानों का रुपया डकार लिया। उन्होंने बताया कि चीनी मिल मंसूरपुर से जुड़े 12573 किसानों का गन्ना मूल्य मिल के माध्यम से सोसाइटी को भेजा गया था।
उन्होंने बताया कि यह पैसा करीब 15 करोड़ 70 लाख था। आरोप है कि किसानों के खातो में मात्र पांच-पांच हज़ार रुपए पहुंचे हैं। जबकि अधिकतर पैसा उनके खातों में ट्रांसफर नहीं किया गया।
उग्र आंदोलन की दी गई धमकी
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष नीरज पहलवान ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक को किसानों का पैसा खाने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक-एक पाई का हिसाब लिया जाएगा। जब तक पैसा किसानों के खातों में नहीं पहुंच जाता यूनियन आंदोलनरत रहेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंजाब नेशनल बैंक की ओर से किसानों के खातों में रुपया नहीं डाला जाता तो किसान उग्र आंदोलन करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी पंजाब नेशनल बैंक मंडल मुख्यालय की होगी।
<< मुख्यपृष्ठ