मुजफ्फरनगर में 50 फीट गहरे कुएं से अजगर का रेस्क्यू:4 दिन से कुएं में फंसा था, वन विभाग ने निकालकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा
मुजफ्फरनगर के हस्तिनापुर वन अभ्यारणय क्षेत्र में स्थित गांव वजीराबाद के 50 फीट गहरे कुएं से 10 फीट के अजगर को रेस्क्यू किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने गांव वालों की मदद से अजगर को गहरे कुएं से निकालकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा।
4 दिन से किसान के कुएं में फसा था अजगर
थाना भोपा क्षेत्र के मोरना- भोकरहेड़ी मार्ग पर स्थित गांव वजीराबाद मैं रजत सिंह नाम के किसान का पानी के बोरिंग का कुआं है। 4 दिन पहले करीब 50 फीट गहरे उक्त कुएं में एक अजगर गिर गया था। कुएं में पड़ा अजगर गांव वासियों के कौतूहल का विषय बना हुआ था। काफी प्रयास के बावजूद अजगर कुएं से बाहर नहीं आ सका था।
कुएं से अजगर निकालने में लगा एक घंटा
गांव वजीराबाद के जंगल में स्थित कुएं में फंसे अजगर को मंगलवार को रेस्क्यू किया गया। अजगर को कुएं से सुरक्षित निकलवाने में वन विभाग के कर्मचारी तथा गांव से अनुज गोयल और सोनू कश्यप आदि ने सहयोग किया। वन क्षेत्राधिकारी सिंह राज सिंह ने बताया कि जानकारी मिलने पर विभागीय टीम जंगल में पहुंची और कुए में 4 दिन से फंसे अजगर को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि करीब 50 फीट गहरे कुएं से अजगर को बाहर निकालने में 1 घंटे का समय लगा। उन्होंने बताया कि अजगर को जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
<< मुख्यपृष्ठ