सोमवार, 5 सितंबर 2022

DM ने निरीक्षण कर जानी फ्रेट कोरीडोर निर्माण की स्थिति:मुजफ्फरनगर में निर्माणाधीन 50 लाख से ऊपर की 3 विकास परियोजनाओं काे देखा

DM चन्द्रभूषण सिंह और CDO संदीप भागिया ने सोमवार को निरीक्षण कर फ्रेट कोरीडोर निर्माण तथा उन पर बन रहे ओवरब्रिज की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने निर्माणाधीन 50 लाख से ऊपर की 3 विकास परियोजनाओं से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

डीएम ने दिये पुल निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश

डीएम चन्द्रभूषण सिंह और सीडीओ संदीप भागिया ने मेरठ-सहारनपुर रेलवे सेक्शन के सकोती टांडा-खतौली रेलवे स्टेशन के मध्य एवं खतौली शुगर मिल सडक मार्ग पर ओवरब्रिज एवं पहुच मार्ग का निरीक्षण किया। इस सेतु की लम्बाई (रेलवे भाग सहित) 693.834 मीटर स्वीकृत है। जिस पर 4128.94 लाख रुपये का खर्च आ रहा है। फरवरी 2020 से निर्माण प्रारंभ कर उसे पूरा करने की तिथि दिसम्बर 2022 है। सहायक अभियन्ता सेतु निर्माण गजराज सेन ने बताया कि सेतु निगम भाग के 10 वायाडक्ट मे से 8 वायाडक्ट (पुल) तक का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि 01 कॉमन स्पान में वायाडक्ट का कार्य प्रगति पर है। जिसको अक्टूबर 2022 तक पूर्ण कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि पहुंच मार्ग, आरई वाल पोर्शन का कार्य भी प्रगति पर है जिसे नवम्बर 2022 तक पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इसी तरह मुजफ्फरनगर मे डीएफसीसी रुट के मेरठ-सहारनपुर रेलवे सेक्शन के खतौली-मंसूरपुर रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित ओवर ब्रिज (भैंसी-सराय सडक मार्ग) का निर्माण दिसंबर 2022 तक पूरा हो जाएगा। बताया कि इस पर 2536.32 लाख रुपये का खर्च आ रहा है। डीएम तथा सीडीओ ने इसके उपरांत निर्माणाधीन 220 केवी विद्युत उपकेन्द्र खतौली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा तथा एसडीएम खतौली को निर्देश दिये कि अधूरे कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाये। इस मौके पर ब्रिज कार्पोरेशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनोज अग्रवाल, एई गजराज सिह, सर्वेश कुमार, राहुल मलिक, योगेश कुमार आदि शामिल रहे।

लेबल: