मुजफ्फरनगर में मारपीट में लहराए गए असलहे; घेर में निर्माण के विरोध पर हंगामा, हथियार लेकर दौड़ाने वाले युवकों की तलाश में जुटी पुलिस
मुजफ्फरनगर के गांव तेजलहैड़ा में दो पक्ष के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान एक पक्ष के कई लोग हाथों में तमंचे और दूसरे हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश कर हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है। झगड़े में घायल हुए लोगों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थाना छपार क्षेत्र के गांव तेजलहैड़ा में शनिवार को दो पक्ष में झगड़ा हो गया था। गांव के ज़ियाउलहक ने बताया कि वह अपने घेर में निर्माण कार्य करा रहा था। आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के शाहनवाज आदि उससे आकर लड़ने लगे। उसका भाई जवार उसे छुड़ाने आया तो नोबहार ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया। जिसमें वह घायल हो गया। उसके अलावा परिवार के कई अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। इस दौरान दोनों पक्ष के बीच झगड़े और हंगामे का वीडियो बना लिया गया। जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
दो युवकों के हाथ में नजर आया असलहा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रहा है कि कुछ युवक हाथों में अवैध हथियार लिए घूम रहे हैं। इस दौरान गांव वालों की आवाज भी सुनाई दे रही है। दो युवकों के हाथों में अवैध हथियार नजर आ रहे हैं।
झगड़े की तहरीर नहीं दी
थाना प्रभारी निरीक्षक छपार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस टीम में लगा दी गई है और आरोपियों कि धरपकड़ कर उनसे अवैध हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। झगड़े की अभी तक कोई तहरीर उन्हें नहीं मिली है। जबकि घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया था।
<< मुख्यपृष्ठ