सोमवार, 10 अक्टूबर 2022

हरियाणा के किसानों ने चौधरी देवीलाल पुस्तकालय के शिलापट से मिटाया अजय चौटाला का नाम

भारतीय किसान यूनियन के मुख्यालय सिसौली पहुंचे हरियाणा के किसानों ने शनिवार शाम को चौधरी देवीलाल पुस्तकालय के बाहर लगी उद्घाटन पट्टिका से चौधरी अजय चौटाला का नाम मिटा दिया। चौधरी अजय चौटाला ने बाबा टिकैत की जयंती पर देवीलाल पुस्तकालय का उद्घाटन किया था। भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का हाल जानने के लिए गुड़गांव स्थित मेदांता हॉस्पिटल गए हुए थे। मौसम खराब था, रुक-रुककर बारिश हो रही थी। 

इसी बीच हरियाणा के कुछ किसान सिसौली स्थित किसान भवन पहुंचे। उन्होंने वहां पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल पुस्तकालय के उद्घाटन पटि्टका से हरियाणा की जननायक जनता पार्टी के अध्यक्ष चौधरी अजय चौटाला के लिखे नाम को ब्लेड द्वारा काटकर हटा दिया। जो किसान सिसौली आए थे, उन्होंने एक वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर जारी किया। इस वीडियो में वह ताऊ देवीलाल को अपना नेता बताते हुए अजय चौटाला का विरोध कर रहे थे। उन्होंने विरोध स्वरूप अजय चौटाला का नाम उद्घाटनशिला से हटाने की बात स्वीकार की। 

नया शिलापट लगेगा : टिकैत 

छह अक्टूबर को बाबा टिकैत की जयंती पर हरियाणा से आए जननायक जनता पार्टी के अजय चौटाला ने किसान भवन में बने चौधरी देवीलाला पुस्तकालय का उद्घाटन किया था। जब इस बारे में भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह शनिवार से बाहर हैं। ऐसा मामला है तो नया शिलापट लगवा दिया जायेगा। उधर इस संबंध में चौधरी गौरव टिकैत ने कहा कि जल्दी ही एक नया उद्घाटन पत्थर बनवाकर वहां लगवा दिया जाएगा।

लेबल: